प्रदीप कुमार गुप्ता( editor in chief ) देवीपाटन मंडल कार्यालय गोण्डा। ब्यूरो प्रमुख की खास रिपोर्ट
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में अवैध मिट्टी खनन का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से दिन-रात मशीनों के माध्यम से मिट्टी का अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रालियों से उसका परिवहन किया जा रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, कल्याणपुर गांव में लगातार मिट्टी खनन का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन इसके बावजूद
खनन का कार्य नहीं रुका। आरोप है कि क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े भी अवैध खनन कराया जा रहा है।इसी क्रम में थाना क्षेत्र के दुल्लापुर गांव में भी प्रदीप यादव द्वारा कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन कराए जाने की चर्चा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।मामले को लेकर एसडीएम तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि नवाबगंज इंस्पेक्टर को निर्देश देकर अवैध खनन तत्काल बंद कराया जाएगा। वहीं, जिला खनन अधिकारी अभय रंजन सिंह से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।तहसीलदार तरबगंज आशुतोष पांडेय ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन जारी रहने की सूचना मिलती रही।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित हल्का लेखपाल की जानकारी में यह पूरा खेल चल रहा है, जिसके कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, रैपर मशीन से मिट्टी खनन किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अवैध खनन का यह कारोबार और बढ़ सकता है।ग्रामीणों ने बताया कि लगातार दो दिनो पिंटू यादव नाम का व्यक्ति अवैध मिट्टी खनन करके मिट्टी बेच रहा है।
